Architectural ruins

MURADNAGAR,GHAZIABAD

मुगलिया सल्तनत के सेनापति की निशानी कोट गेट,मुरादनगर,ग़ाज़ियाबाद मुरादनगर कई ऐतिहासिक धरोहरों को अपने साथ समेटे हुए है। उनमें से एक है मुगलिया सल्तनत से जुड़े सेनापति मुराद गाजी का बनाया कोट (किला) गेट। आज इस गेट की हालत जर्जर हो चुकी है लेकिन इसे देखकर सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि मुरादनगर एक जमाने में कितना महत्वपूर्ण शहर रहा होगा। मुरादनगर की स्थापना मुगलिया सल्तनत के बादशाह दारा शिकोह के खानदानी और चहेते सेनापति मुराद गाजी रहमतुला अलेह ने की थी। मुराद गाजी सात हजारी ओहदेदार थे। यानी सात हजार सैनिकों के सेनापति। यहां मुरादगाजी का बनाया कोट (किला) गेट और सराय गेट आज भी उस समय की याद ताजा कराते हैं। मुरादनगर शहर बसने से पहले यह इलाका सेना के पड़ाव के काम आता था। मुरादनगर बस स्टैंड और आसपास के इलाके को आज भी वहां के लोग पड़ाव ही कहते हैं। दिल्ली अथवा मेरठ से कूच करते समय रास्ते में यहां फौज पड़ाव डाला करती थी। मोहम्मद मुराद गाजी के वंशज आज भी मुरादनगर में रहते हैं। उनकी 11वीं पीढ़ी के वयोवृद्ध और 1979 से मोहम्मद मुराद गाजी की दरगाह नशीन मिर्जा सलीम बेग बताते हैं कि शाहजहां के बेटों दारा शिकोह और औरंगजेब में युद्ध हुआ तो दारा शिकोह की शिकस्त के बाद बादशाह की इजाजत लेकर धार्मिक प्रवृत्ति के मुराद गाजी अपने परिवार के लोगों के साथ यहां आकर रहने लगे थे। उन्होंने यहां अपने लिए एक किले का निर्माण कार्य शुरू कराया। यह जानकारी औरंगजेब को मिली तो उन्होंने फौज को भेज यह काम बंद करा दिया। तब तक यहां कोट (किला) गेट और सराय गेट का ही निर्माण हो पाया था। यहां आने के बाद मुराद गाजी खुदा की इबादत में लगे रहते थे और सूफी हो गए। उनकी दरगाह आज भी मुरादनगर के एक छोर पर स्थित है। उनकी दरगाह के बाईं ओर उनके वालिद हजरत यूसुफ मुराद रहमतुला अलेह की मजार है तो दाईं ओर उनके बेटे हाफिज मुराद गाजी की दरगाह है। मिर्जा सलीम बताते हैं कि जिस स्थान पर मुराद गाजी की दरगाह है, उस स्थान से 12 कोस दिल्ली और उतनी ही दूर मेरठ है। यह मजार बीच में है। मुरादनगर का मुख्य बाजार शाही रोड के दोनों और स्थित है। यह शाही रोड दिल्ली से गाजियाबाद के फरूखनगर, मुरादनगर, मोदीनगर के बेगमाबाद और मेरठ के भूडबराल होते हुए आगे जाता था। अब तो उसकी पहचान लगभग खत्म सी हो गई है। लोग इसे अब गाजियाबाद-मेरठ नैशनल हाइवे के नाम से जानते हैं।



Google Location

What's Your Reaction?

like
2
dislike
0
love
1
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0